यूरोप इस समय भीषण गर्मी और जंगलों की आग की दोहरी मार झेल रहा है। अब तक 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें सबसे ज्यादा करीब 1000 मौतें फ्रांस में दर्ज की गई हैं।
इटली, बाल्कन देशों और भूमध्यसागरीय क्षेत्र में जंगलों की आग ने हालात और गंभीर बना दिए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 5-6 जुलाई तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है तथा भीषण गर्मी का दौर अगले सप्ताह तक जारी रह सकता है।
यूरोप में भीषण गर्मी का कहर
पूर्वी जर्मनी के गोहरिशहाइड में जंगल के बड़े भाग में आग लग गई है। इसी तरह, दक्षिण-पश्चिम जर्मनी में ट्राइसेन के पास आग बुझाने का बड़ा आपरेशन चल रहा था। यहां बिना फटे विस्फोटक मौजूद थे।
उनमें धमाके होने के बाद आग बुझाने का काम रोकना पड़ा और विस्फोटक निरोधक दस्ते को बुलाया गया। गर्मी के कारण बीमार होने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है।
बर्लिन में शनिवार को 500 अतिरिक्त एंबुलेंस भेजी गईं, जिनमें से ज्यादातर मामले गर्मी से जुड़े थे। बर्लिन पुलिस ने आमलोगों और पर्यटकों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उसने लोगों को राहत देने के लिए भीड़ को तितर-बितर करने वाले दो बड़े वाटर कैनन लगाए।
कई हाईवे की सड़कें चटक गई हैं। लीपजिग में ट्रैक और स्विच को नुकसान पहुंचने के कारण ट्राम का परिचालन प्रभावित हो गया।
41.9 डिग्री तक पहुंचा पारा
फ्रांस व जर्मनी के अलावा आस्ट्रिया, चेक गणराज्य और पोलैंड में तापमान ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए है। चेक गणराज्य में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले का रिकार्ड 40.9 डिग्री सेल्सियस था। ग्रीस की सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी ने रविवार को देश के पांच इलाकों में आग लगने के खतरे की चेतावनी दी।
हंगरी में पाक्स परमाणु संयंत्र ने रविवार को अपना उत्पादन फिर कम कर दिया, क्योंकि डेन्यूब नदी का तापमान बहुत बढ़ गया था, जिसका इस्तेमाल कूलेंट के तौर पर किया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधनाम गेब्रियेसस ने एक्स पर कहा, ‘यूरोप धरती का सबसे तेजी से गर्म होने वाला महाद्वीप है, जो वैश्वक औसत से दोगुनी गति से गर्म हो रहा है। अभी 15 करोड़ लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं, सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है, स्कूल बंद हैं और ग्रिड पर बहुत अधिक दबाव पड़ रहा है।’
अमेरिका के अधिकतर हिस्सों में पड़ेगी भीषण गर्मी
अमेरिका की नेशनल वेदर सर्विस ने कहा है कि इस हफ्ते अमेरिका के एक बड़े हिस्से में लंबी और खतरनाक हीट वेव चलेगी। चार जुलाई की छुट्टी से पहले तापमान बढ़ेगा एवं उमस के कारण गर्मी और अधिक महसूस होगी।
विभाग ने कहा कि कई दिनों तक निचले ग्रेट लेक्स, मिड-अटलांटिक और मिसिसिपी व ओहियो नदी की घाटियों में तापमान अधिक रहेगा। कई बड़े शहरों में, जहां फीफा वर्ल्ड कप के मैच हो रहे हैं, वहां इस वर्ष का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया जा सकता है।