कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष को हटाने से जुड़े कथित ऑडियो को लेकर बढ़ा विवाद, कांग्रेस ने घेरा…

कर्नाटक में भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र को हटाने से जुड़े कथित ऑडियो को लेकर विवाद बढ़ गया है। इंटरनेट मीडिया में प्रसारित करीब दो मिनट की इस क्लिप में सुनाई देने वाली आवाज को पूर्व मुख्यमंत्री डीवी सदानंद गौड़ा की बताई जा रही है, जिसमें राज्य भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र की कार्यशैली और नेतृत्व पर सवाल उठाए गए हैं।

हालांकि, सदानंद गौड़ा ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि प्रसारित क्लिप में सुनाई दे रही आवाज उनकी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आडियो फर्जी है और वह इस तरह की किसी भी भ्रामक सामग्री पर प्रतिक्रिया नहीं देंगे।

कथित बातचीत में दावा किया गया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी की जा रही है और संगठन को मजबूत बनाए रखने के लिए विजयेंद्र को अध्यक्ष पद से हटाया जाना चाहिए। आडियो में राज्य इकाई के हालिया फैसलों और संगठनात्मक कार्यप्रणाली पर भी असंतोष व्यक्त किया गया है। वहीं, बी.वाई. विजयेंद्र के कार्यालय ने कहा कि राज्य अध्यक्ष उचित समय पर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी आडियो की सत्यता की जांच कर रही है। एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि यदि कोई अनुशासनहीनता सामने आती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को भाजपा की आंतरिक कलह का प्रमाण बताते हुए निशाना साधा है। यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब कर्नाटक भाजपा स्थानीय निकाय चुनावों और संगठनात्मक बदलाव की तैयारियों में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *