सुंदरगढ़ जिले के टेनसा डाकघर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला को शादी का झांसा देकर और बंदूक की नोंक पर उसका शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने पोस्टमैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राउरकेला क्षेत्र के निवासी रमाकांत नायक के रूप में हुई है, जो टेनसा डाकघर में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रमाकांत नायक पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। वहीं, पीड़िता भी विवाहित है और उसके बच्चे व पति हैं। महिला का आरोप है कि रमाकांत ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का झूठा वादा किया था। इस झांसे में आकर दोनों पिछले दो महीनों से टेनसा में एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बाद में रमाकांत ने उसे बंदूक दिखाकर डरा-धमकाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया और बाद में वहां से फरार हो गया। न्याय की गुहार लेकर जब पीड़ित महिला टेनसा पुलिस चौकी पहुंची, तब जाकर इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लहूणीपड़ा थाना अधिकारी प्रशांत प्रधान और चौकी प्रभारी पूर्णचंद्र बारीक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी पोस्टमैन रमाकांत नायक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से एक बंदूक भी जब्त की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है और विस्तृत जांच के बाद ही पूरे मामले का वास्तविक तथ्य सामने आ सकेगा। हालांकि बाद में उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।