उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बलिया जिले के बयासी गांव स्थित जनेश्वर मिश्र पुल से बक्सर-कोईलवर तटबंध तक बनाई जा रही नई सड़क का काम रोक दिया गया है।
बिहार के जल संसाधन विभाग ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने के कारण निर्माण पर रोक लगाई है। बक्सर से यह एनओसी नहीं मिली है।
यह सड़क परानपुर होते हुए चक्की गांव के सामने बक्सर-कोईलवर तटबंध पर आकर मिलती है, जहां अंतिम बिंदु पर सड़क और तटबंध के बीच लगभग 25 से 30 मीटर के फासले पर बिहार सरकार की जमीन है।
एक माह पहले ही दिया था आवेदन
निर्माण एजेंसी के टुन्नू जी पाठक के अनुसार, बलिया के पथ निर्माण विभाग द्वारा करीब एक महीना पहले ही बक्सर के अधिकारियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया गया है, जो अभी तक लंबित है।
यूपी के सीमा क्षेत्र में लगभग नौ मीटर चौड़ी यह सड़क पूरी तरह बनकर तैयार हो चुकी है और इसमें बड़े-बड़े पुल भी बनाए गए हैं।
दरअसल, गंगा की धारा से दक्षिण की ओर पड़ने वाले बलिया के कुछ गांवों का जमीनी संपर्क बिहार से बेहतर है, लेकिन अपने ही राज्य के प्रशासनिक केंद्रों तक जाने के लिए उन्हें गंगा पार करनी पड़ती है।
बिहार-यूपी के लिए लाइफलाइन
इसी सुविधा के लिए यूपी सरकार ने गंगा पर जनेश्वर मिश्र पुल बनाया था, जिसे अब बिहार के गांवों से जोड़ने के लिए इस सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
यह सड़क मार्ग बिहार और यूपी के बीच संपर्कता को बेहद आसान व नजदीक कर दोनों राज्यों के लिए नई लाइफ लाइन साबित होगा।