हिमाचल प्रदेश में जिला ऊना के चताड़ा गांव की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर निगलने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान सीमा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीमा देवी की शादी वर्ष 2017 में चताड़ा निवासी अश्विनी कुमार के साथ हुई थी। उसका मायका पंजाब के नंगल में है।
दो दिन पहले निगला था जहर
बताया जा रहा है कि 7 जुलाई को सीमा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्वजन उसे पहले एक निजी अस्पताल और बाद में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के स्वजन में सुमनजीत ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि सीमा ने परिवार की बदनामी के डर से लंबे समय तक यह बातें किसी को नहीं बताईं और चुपचाप सब कुछ सहती रही। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग बेटी की पिटाई करते थे और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे।
शादी में कार दी थी पर बुलेट बाइक की कर रहे थे मांग
परिवार का कहना है कि शादी में कार दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद बाद में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। मायके पक्ष के सदस्य परमजीत ने आरोप लगाया कि सीमा के साथ डंडों से पिटाई की गई और उसका गला भी दबाया गया है। उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना के कारण ही सीमा की जान गई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अस्पताल में मायके व ससुराल पक्ष आमने-सामने
घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल परिसर में मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया।
क्या कहते हैं एसपी ऊना
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।