पुलिस की एण्टी रोमियो टीम वैसे तो छेड़खानी कर रहे युवाओं और पुरुषों को पकड़ती रही है लेकिन काशी में गंगा उल्टी बहती नजर आ रही हैं। यहां पर रोमियो नहीं जूलियट को एण्टी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थल पर अश्लील इशारे करते दबोचा है। पुलिस ने पांचों महिलाओं को पकड़कर उनपर विधिक कार्रवाई भी की है।
अश्लीलता फैलाने वाली और युवाओं पुरुषों को छेड़ने वाली पांच महिलाओं को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर की गई, जो जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने बताया कि पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त जोन काशी और सहायक पुलिस उपायुक्त के निर्देश पर थाना सिगरा की एण्टी रोमियो टीम ने सूचना मिलने पर कैंट स्टेशन के पास पिलर नंबर 59 के करीब भारत पेट्रोल पंप के पास जांच की। पुलिस ने इस दौरान पाया कि यहां से गुजरने वाले राहगीरों को वह अश्लील इशारे कर वह परेशान कर रही हैं।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर एण्टी रोमियो टीम ने जानकारी होने के बाद घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की। वहां मौजूद जनता से मिली जानकारी के अनुसार सूचना सही पाई गई। टीम ने मौके से पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया, जिनमें से चार की उम्र लगभग 40 वर्ष है और एक महिला की उम्र 27 वर्ष है। गिरफ्तार की गई महिलाओं में शबनम (काल्पनिक नाम), रबिना (काल्पनिक नाम), गुडिया (काल्पनिक नाम), महेन्द्री (काल्पनिक नाम) और गोल्डी (काल्पनिक नाम) शामिल हैं।
गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ थाना सिगरा में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि पुलिस द्वारा इस मामले में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। यह कार्रवाई वाराणसी में महिलाओं द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर अश्लीलता के खिलाफ उठाए गए कदमों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। पुलिस ने बताया कि एण्टी रोमियो टीम का उद्देश्य समाज में सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा देना है, ताकि सभी नागरिक बिना किसी डर के सार्वजनिक स्थलों पर जा सकें।