सुंदरबनी में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल के समीप बने अवैध खोखे और अतिक्रमण को जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त सुंदरबनी रामकेश शर्मा के निर्देश पर की गई।
अभियान का नेतृत्व नगर पालिका सुंदरबनी के कार्यकारी अधिकारी ईओ अनीश गुंडोत्रा ने किया। इस दौरान तहसील प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर मौजूद रही। प्रशासनिक टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाते हुए क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की।
नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी अनीश गुंडोत्रा ने कहा कि सुंदरबनी बाजार को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले दिनों में बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए सभी अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण या कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल अवैध कब्जे हटाना ही नहीं, बल्कि बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, अस्पताल के आसपास सार्वजनिक सुविधाओं को सुरक्षित रखना तथा आम लोगों के लिए सरकारी भूमि को मुक्त कराना भी है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में सुंदरबनी के अन्य क्षेत्रों में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।